ऑल इंडिरूा ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के आह्वान पर 20 मई को जमशेदपुर समेत देशभर की सभी दवा दुकानों को बंद रखा जाएगा. एसोसिएशन से करीब देशभर में 12.40 लाख से अधिक केमिस्ट व वितरक जुड़े हैं। बिष्टुपुर स्थित राजस्थान भवन में आयोजित प्रेसवार्ता में जमशेदपुर केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष पंकज छाबड़ा ने कहा कि 20 मई को जमशेदपुर की सभी दवा दुकानें बंद रहेंगी. उन्होंने कहा कि अवैध रूप से संचालित ई-फार्मेसी प्लेटफॉर्म के विरोध में संगठन लंबे समय से आवाज उठा रहा है. इस संबंध में प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और स्वास्थ्य मंत्रालय को कई बार पत्र भेजा गया, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई।
उन्होंने कहा कि कई ई-फार्मेसी कंपनियां नियमों की अनदेखी कर बिना भौतिक सत्यापन व कथित एआई आधारित फर्जी प्रिस्क्रिप्शन के जरिए एंटीबायोटिक्स और नशीली दवाओं की होम डिलीवरी कर रही हैं, जो जनस्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है. महासचिव आशीष चटर्जी ने कहा कि बड़ी कॉरपोरेट कंपनियां भारी छूट देकर दवा बाजार का संतुलन बिगाड़ रही हैं। जबकि दवाओं पर लाभ का मार्जिन सरकार द्वारा निर्धारित होता है। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतिस्पर्धा से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के छोटे केमिस्टों का अस्तित्व खतरे में पड़ गया है।
बिना वैध चिकित्सीय पर्ची के दवाओं की बिक्री पर रोक लगायी जाए. एंटीबायोटिक्स और आदत बनाने वाली दवाओं की आसान उपलब्धता बंद हो तथा फर्जी और अप्रमाणित प्रिस्क्रिप्शन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए. इस मौके पर एसोसिएशन के अध्यक्ष पंकज छाबड़ा, महासचिव आशीष चटर्जी, कोषाध्यक्ष संजय कुमार कसेरा, पीयूष चटर्जी समेत अन्य मौजूद थे।
