अफगानिस्तान के खिलाफ आगामी टी20 सीरीज से पहले टीम इंडिया के लिए एक परेशान करने वाली खबर सामने आई है। शानदार फॉर्म में चल रहे विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन ट्रेनिंग सेशन के दौरान चोटिल हो गए। उनकी चोट कितनी गंभीर है, इसे लेकर फिलहाल स्थिति साफ नहीं है, लेकिन टीम मैनेजमेंट की नजरें अब उनकी फिटनेस पर टिकी हैं।
पीटीआई के मुताबिक, ईशान किशन नेट प्रैक्टिस के दौरान नवदीप सैनी की गेंदबाजी का सामना कर रहे थे। इसी दौरान एक छोटी गेंद से बचने की कोशिश में उनकी कमर के पिछले हिस्से में मोच आ गई। चोट के बाद किशन को कुछ देर तक अपनी पीठ पर हाथ रखकर खड़े देखा गया। इसके बाद से उनकी फिटनेस को लेकर चिंता बढ़ गई है।
नवदीप सैनी आगामी सीरीज के लिए भारतीय टीम का हिस्सा नहीं हैं, लेकिन नेट बॉलर के रूप में टीम के साथ जुड़े हुए हैं। 33 साल के सैनी ने भारत की ओर से आखिरी इंटरनेशनल मुकाबला जुलाई 2021 में श्रीलंका के खिलाफ खेला था। वह तब से टीम में वापसी का इंतजार कर रहे हैं।
ईशान की चोट ने टीम की चिंता इसलिए भी बढ़ाई है क्योंकि वह मौजूदा समय में बेहतरीन फॉर्म में हैं। उनकी कप्तानी में ईस्ट जोन ने हाल ही में दलीप ट्रॉफी 2026 अपने नाम की। फाइनल में किशन ने पहली पारी में 270 रन बनाए और दूसरी पारी में 80 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला।
टी20 इंटरनेशनल में ईशान किशन के आंकड़े भी प्रभावशाली हैं। उन्होंने भारत के लिए अब तक 55 मैच खेले हैं और 55 पारियों में 29.77 की औसत से 1608 रन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 146.31 का रहा है। किशन के नाम इस फॉर्मेट में एक शतक और 12 अर्धशतक हैं, जबकि उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 103 रन है।
