टाटा स्टील ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए वार्षिक बोनस भुगतान की प्रक्रिया की घोषणा कर दी है। कंपनी के 7 सितंबर 2026 को जारी आंतरिक परिपत्र के अनुसार पात्र कर्मचारियों को कुल 315 करोड़ रुपये का वार्षिक बोनस दिया जाएगा। बोनस का भुगतान 11 सितंबर 2026 को किया जाएगा। कंपनी के अनुसार जमशेदपुर स्टील प्लांट के साथ ट्यूब्स डिवीजन, ग्रोथ शॉप, टीएसके, मार्केटिंग एंड सेल्स डिवीजन, जमशेदपुर वायर डिवीजन, तारापुर वायर प्लांट-1 व 2, एसएसपी, सीआरई कार्यालय, माइंस एवं कोलियरी, एफए एंड एम डिवीजन, हेड ऑफिस, टिनप्लेट डिवीजन, मेटालिक्स डिवीजन, टाटा स्टील गम्हरिया, एसएसपी बिष्णुपुर और टाटा स्टील स्पंज आयरन जोड़ा समेत निर्धारित इकाइयों के पात्र कर्मचारियों को बोनस मिलेगा।
परिपत्र के मुताबिक वित्तीय वर्ष 2025-26 में कम से कम 30 कार्य दिवस काम करने वाले पात्र स्थायी और अस्थायी कर्मचारी बोनस के हकदार होंगे। हालांकि प्रशिक्षु (Apprentice) इस दायरे में शामिल नहीं हैं। धोखाधड़ी, प्रतिष्ठान परिसर में दंगा या हिंसक व्यवहार, कंपनी की संपत्ति की चोरी/दुरुपयोग/तोड़फोड़ अथवा यौन उत्पीड़न के मामले में सेवा से बर्खास्त कर्मचारियों को बोनस नहीं दिया जाएगा।
तय फार्मूले से होगी बोनस राशि की गणनाकंपनी ने बोनस की गणना के लिए निर्धारित फार्मूला जारी किया है। इसमें 315 करोड़ रुपये के कुल वार्षिक बोनस को वित्तीय वर्ष 2025-26 में भुगतान किए गए 1,686.92 करोड़ रुपये के कुल बोनस योग्य वेतन से जोड़ा गया है। इसके आधार पर प्रत्येक कर्मचारी के बोनस योग्य वेतन यानी बेसिक प्लस डीए के अनुपात में बोनस राशि निर्धारित होगी।
