February 10, 2025
FIRE

रविवार की सुबह करीब 10 बजे 25 वर्षीय अमन सिंह की मौत उसके घर में ही गोली लगने से हो गई। उसे किसी ने गोली मारी या उसने खुदकुशी की है, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने कट्टा बरामद कर लिया है। घटना आलमगंज थाना क्षेत्र के मीना बाजार की राजपूताना गली की है। युवक को गोली लगने की सूचना पर घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने खून से लथपथ अमन सिंह को उपचार के लिए एनएमसीएच भेजा। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। गोली का जख्म सीने के पास था।

मृतक अमन पिता विमल सिंह और भाई यशवंत राजपूत के साथ एनएमसीएच गेट के समीप ही फुटपाथ पर कंबल बेचने का धंधा करता था। छोटे भाई यशवंत ने बताया कि वह पिता के साथ एनएमसीएच गेट पर दुकान लगाने के लिए चला आया था। इस बीच मां नीलू देवी ने कॉल कर बताया कि अमन को गोली लग गई है। घर पहुंचने देखा कि भाई के सीने में गोली लगी है, उसे अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां उपचार के क्रम में उसकी मौत हो गई। आलमगंज में युवक की मौत की घटना की छानबीन करती पुलिस।

इधर, बहन का कहना है कि अमन पिछले चार पांच-दिनों से देसी कट्टा लेकर घूम रहा था। मां और पिताजी उसे मना कर रहे थे। यहां तक कहा कि जिससे भी लिए हो उसे वापस कर दो लेकिन वह नहीं माना। सुबह इसी बात को लेकर कहासुनी हुई और कुछ देर के बाद ही कमर से पिस्टल निकाल कर स्वयं को गोली मार ली। सूचना मिलने पर मौके पर आलमगंज थाना की पुलिस भी पहुंची। अमन को घर के अंदर किसी ने गोली मारी है या फिर खदकुशी की है, इस बिंदु पर पुलिस गहन छानबीन कर रही है। एएसपी अतुलेश झा ने बताया कि गोली लगने से युवक की मौत हुई है। पुलिस घटना से जुड़े हर एक बिंदु की छानबीन कर रही है एफएसएल की टीम ने भी नमूना संग्रह किया है। अमन की मौत किस स्थिति में है, छानबीन के बाद ही स्पष्ट होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *