कॉमेडी की दुनिया में जब दो चर्चित चेहरे एक साथ मंच पर आते हैं तो माहौल अपने आप खास हो जाता है, और इस बार द ग्रेट इंडियन कपिल शर्मा शो में कुछ ऐसा ही देखने को मिला. कॉमेडियन समय रैना और यूट्यूबर रणवीर अल्लाहबादिया इस स्पेशल एपिसोड में साथ पहुंचे, जहां शुरुआत से ही माहौल अलग नजर आया. 2025 में ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ विवाद के बाद पहली बार दोनों को एक साथ देखकर दर्शकों की दिलचस्पी और बढ़ गई. शो के दौरान बातचीत, मजाक और पुरानी बातों के बीच कपिल शर्मा ने ऐसा रोस्ट किया जिसने पूरे एपिसोड को चर्चा में ला दिया. जैसे ही ये सीन सामने आया, इंटरनेट पर इसकी क्लिप्स तेजी से वायरल हो गईं और लोगों ने कहना शुरू कर दिया कि ये तो किसी आखिरी एपिसोड जैसा लग रहा है.
टीजर और वायरल क्लिप में एक दिलचस्प मोमेंट देखने को मिलता है जब रणवीर अहलावादिया, समय रैना की तारीफ करते हुए कहते हैं कि इनका दिल बहुत साफ है. इस पर कपिल शर्मा तुरंत अपने अंदाज में जवाब देते हैं कि अगर कोई आपका शो बंद कर दे और आप उसे इतनी आसानी से छोड़ दें तो दिल साफ ही होगा. इसके बाद रणवीर कहते हैं कि पिछले एक साल में उनकी दोस्ती काफी गहरी हुई है, जिस पर समय कहते नजर आते हैं कि हां ऐसा ऐसे लगता है और फिर हंसते हुए हामी भरते हैं. तभी कपिल एक और पंच मारते हैं कि धारा भी दोनों में एक ही लगी होगी, और यही लाइन सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है.
