टाटा स्टील, जमशेदपुर के अंदर वाहनों की सुरक्षित आवाजाही और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से दोपहिया एवं भारी वाहनों के आवागमन का समय निर्धारित किया गया है। कंपनी के सेफ्टी विभाग की ओर से जारी नई समय-सारिणी 1 नवंबर 2026 से प्रभावी हो गई है। दो पहिया वाहनों के लिए जो नया टाइम तय किया गया है उसके तहत अब कर्मचारियों को दोपहर 12:30 बजे के बदले 1:00 बजे भोजन करने के लिए घर निकालना रहेगा।
जारी निर्देश के अनुसार, कंपनी परिसर में दोपहिया वाहनों के आवागमन के लिए प्रतिदिन पांच समय निर्धारित किए गए हैं। इसके तहत सुबह 5:30 से 6:30 बजे, सुबह 7:45 से 9 बजे, दोपहर 1 बजे से 2:30 बजे, शाम 5:30 से 6:45 बजे तथा रात 9:30 से 10:30 बजे तक दोपहिया वाहनों को चलने की अनुमति होगी।
वहीं, भारी वाहनों के आवागमन के लिए भी अलग समय-सारिणी जारी की गई है। इसके तहत सुबह 6:30 से 7:45 बजे, सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे, दोपहर 2:30 से शाम 5:30 बजे, शाम 6:45 से रात 9:30 बजे तथा रात 10:30 बजे से अगले दिन सुबह 5:30 बजे तक भारी वाहन चल सकेंगे।
टाटा स्टील के सेफ्टी विभाग ने दोनों श्रेणियों के वाहनों के लिए अलग-अलग समय निर्धारित कर परिसर में सुरक्षित यातायात संचालन सुनिश्चित करने की पहल की है। निर्धारित समय-सारिणी का पालन करना संबंधित वाहन चालकों के लिए आवश्यक होगा।
