
पालीगंज थाना क्षेत्र के भेड़हरिया इंग्लिश गांव स्थित बालू घाट 4 शिवप्रताप क्लस्टर-1 पर बालू लोडिंग के लिए हुए दो गुटों में विवाद को लेकर मुंशी पर जानलेवा हमला किया गया। भाग रहे मुंशी विनोद कुमार पर अपराधियों ने पीछे से हमला बोलते हुए गोली मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। मुंशी विनोद कुमार को बांयी कमर के ऊपर गोली लगी।
जो कि पीछे से आगे की तरफ निकल गई। इस घटना के तत्काल बाद जख्मी मुंशी विनोद कुमार को इलाज के लिए पालीगंज पीएचसी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर डॉक्टरों द्वारा इलाज किया जा रहा है। डॉ अजीत कुमार ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि युवक की स्थिति खतरे से बाहर है।
वहीं जख्मी मुंशी विनोद कुमार ने बताया कि शाम को भेड़हरिया इंग्लिश घाट नंबर 4 शिवप्रताप सिंह क्लस्टर-1 पर वह था। वहां हाईवा पर जेसीबी से बालू लोडिंग हो रही थी। इसी बात को लेकर दूसरे गुट के मुंशी से विवाद हुआ, जिसमें हाथापाई भी हुई। इसके बाद वे अपने घर लौट रहे थे कि इस बीच पीछे से मनीष कुमार ने जानलेवा हमला करते हुए गोली मार दी।