तिब्बत क्षेत्र में एक बार फिर झील टूटने से नेपाल के निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। घटना की जानकारी मिलते ही नेपाल पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी कर दिया है। नदी बेसिन के निचले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
नेपाल पुलिस ने तिब्बती क्षेत्र में एक और झील टूटने की सूचना के बाद तत्काल आपातकालीन अलर्ट जारी किया। पुलिस ने बचाव और राहत कार्यों में तैनात सुरक्षाकर्मियों तथा आम नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है।
प्रशासन ने लोगों से जल्द से जल्द सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने और आसपास रहने वाले अन्य लोगों को भी खतरे की जानकारी देने को कहा है।
नेपाली मीडिया पोर्टल ऑनलाइन खबर के मुताबिक, रसुवा जिले के मुख्य जिला अधिकारी नरेंद्र परियार ने झील टूटने की घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि इस घटना की जानकारी चीनी अधिकारियों की ओर से नेपाल को दी गई है।
सीडीओ नरेंद्र परियार के अनुसार, चीनी पक्ष ने सूचना दी है कि बांध वाली झील टूट गई है। इसके बाद नदी किनारे रहने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए पहले ही सर्कुलर जारी किया जा चुका है।
बताया गया है कि यह विशाल झील चीन में चोचेन खोला और पुरेपु त्सांगपो नदियों के संगम के पास स्थित थी। दोनों नदियों को त्रिशूली नदी प्रणाली की ऊपरी सहायक नदियों के तौर पर जाना जाता है।
झील टूटने के बाद पानी तेजी से त्रिशूली नदी की ओर बढ़ रहा है। इससे नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने और आसपास के तटीय इलाकों में गंभीर बाढ़ आने की आशंका है।
स्थिति को देखते हुए त्रिशूली नदी के किनारे बसे गांवों और बस्तियों को सतर्क रहने तथा आवश्यक होने पर तुरंत सुरक्षित स्थानों पर जाने की सख्त हिदायत दी गई है।
