November 27, 2026
image (2)

भागलपुर के नवगछिया में ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक इंजीनियर अजीत कुमार दास के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में निगरानी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। निगरानी की टीम ने गुरुवार को पटना, सासाराम, भागलपुर, मुंगेर, कटिहार और नवगछिया स्थित उनके 6 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। तलाशी के दौरान अजीत कुमार दास, उनकी पत्नी श्वेता और परिजनों के नाम पर 16 अचल संपत्तियों के दस्तावेज मिले हैं। इनकी कीमत करीब 2.54 करोड़ रुपए आंकी गई है। इसके अलावा तीन चल संपत्तियां भी मिली हैं, जिनकी कीमत 12.30 लाख रुपए बताई गई है।
हालांकि, जांच के दौरान सामने आया कि 2021 में किशनगंज में तैनाती के दौरान अजीत ने अपनी पत्नी के नाम सिलीगुड़ी में 10 अलग-अलग डीड के जरिए 92 डिसमिल जमीन खरीदी थी। इस जमीन का वर्तमान बाजार मूल्य 10 करोड़ रुपए से अधिक बताया जा रहा है। निगरानी विभाग ने 23 नवंबर को इस मामले में FIR दर्ज की थी। टीम ने नवगछिया स्थित उनके पैतृक घर पर करीब दो घंटे तक तलाशी ली, लेकिन वहां संपत्ति से जुड़े कोई दस्तावेज नहीं मिले।
जांच में सिलीगुड़ी में पत्नी श्वेता के नाम पर खरीदी गई जमीन का मामला खास तौर पर सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, अजीत कुमार दास की किशनगंज में तैनाती के दौरान साल 2021 में 10 अलग-अलग रजिस्ट्री डीड के जरिए 92 डिसमिल जमीन खरीदी गई थी।
इस जमीन का वर्तमान बाजार मूल्य 10 करोड़ रुपए से अधिक आंका जा रहा है। लेकिन विभाग को दिए गए जनवरी के संपत्ति घोषणा पत्र में पत्र में इसका उल्लेख क्यों नहीं किया गया।
पटना के जगदेव पथ स्थित सरयुग वमीका अपार्टमेंट में अजीत कुमार दास के परिवार से जुड़े दो फ्लैट के डीड मिले हैं। जबकि संपत्ति घोषणा पत्र में उन्होंने केवल एक फ्लैट की जानकारी दी थी।

घोषणा पत्र में 7.75 डिसमिल जमीन का भी उल्लेख किया गया है। लेकिन दूसरे फ्लैट की जानकारी नहीं दी गई। निगरानी की टीम दोनों फ्लैट के दस्तावेजों की जांच कर रही है। यह भी देखा जा रहा है कि इनकी खरीद कब हुई और भुगतान किस माध्यम से किया गया अजीत कुमार दास ने अपने संपत्ति घोषणा पत्र में खुद के नाम 12 एकड़ कृषि भूमि और 3 कट्ठा व्यावसायिक जमीन होने की जानकारी दी है। वहीं, पत्नी श्वेता के नाम 1.2 एकड़ कृषि भूमि और 23 डिसमिल आवासीय भूखंड का जिक्र किया है।

इसके अलावा वे लाइन होटल के मालिक भी बताए जा रहे हैं। हालांकि, घोषणा पत्र में इन संपत्तियों का पूरा पता और वर्तमान बाजार मूल्य नहीं दिया गया है। कई संपत्तियों के मूल्य वाले कॉलम में ‘वैल्यू नॉट असेस्ड’ यानी मूल्य का आकलन नहीं किया गया है, लिखा गया है।
संपत्ति घोषणा पत्र में अजीत कुमार दास ने एसबीआई, पटना से 49.25 लाख रुपए का कर्ज दिखाया है। वहीं, बैंक खाते में महज 46 हजार रुपए जमा होने की जानकारी दी गई है।

उन्होंने खुद, पत्नी श्वेता और दोनों बेटों के नाम पर हर साल कुल 5.07 लाख रुपए का इंश्योरेंस प्रीमियम जमा करने की जानकारी भी दी है। निगरानी की टीम अब बैंक खातों, बीमा पॉलिसियों, निवेश और कर्ज से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने अजीत कुमार दास की वर्ष 2013 से 2026 तक की आय और संपत्ति को जांच के दायरे में रखा है। इस अवधि में उनकी वैध आय, संपत्ति की खरीद, निवेश और वित्तीय लेन-देन का ब्योरा जुटाया जा रहा है।

जांच का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि इस अवधि में अर्जित संपत्ति उनकी ज्ञात आय के अनुपात में है या नहीं। इसके लिए अलग-अलग ठिकानों से मिले जमीन के डीड, फ्लैट के दस्तावेज, बैंक रिकॉर्ड और अन्य वित्तीय कागजात का मिलान किया जाएगा। अजीत कुमार दास फिलहाल ग्रामीण कार्य विभाग के सासाराम प्रमंडल में कार्यपालक अभियंता के पद पर तैनात बताए जा रहे हैं। इससे पहले 2024 में वे भागलपुर डिविजन में कार्यपालक अभियंता थे।

कटिहार के सहायक थाना क्षेत्र स्थित गौशाला वार्ड नंबर 39 में वे सुरेश सिंह के मकान में किराये पर रह रहे हैं। निगरानी विभाग के डीएसपी के मुताबिक, छापेमारी के दौरान अजीत कुमार दास खुद मकान में मौजूद थे।

तलाशी के दौरान करीब आधा दर्जन जमीन के डीड और कई जरूरी दस्तावेज मिले हैं। टीम इनकी जांच कर रही है।
वहीं, पटना स्थित उनका आवास बंद मिला। इसके बाद वहां तलाशी की कार्रवाई के लिए मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई।
निगरानी विभाग की टीम सभी छह ठिकानों से मिले दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। खासतौर पर संपत्ति घोषणा पत्र में दर्ज जानकारी और वास्तविक रूप से सामने आए जमीन, फ्लैट और अन्य संपत्तियों के बीच अंतर की पड़ताल की जा रही है।
जांच पूरी होने के बाद अजीत कुमार दास की कुल ज्ञात आय, अर्जित संपत्ति और संभावित आय से अधिक संपत्ति का आकलन किया जाएगा। फिलहाल निगरानी की कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *