इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया की जमशेदपुर शाखा की छात्र इकाई सीआईसीएएसए की ओर से राष्ट्रीय प्रतिभा खोज 2026-27 के शाखा स्तरीय कार्यक्रम का सफल आयोजन बड़े उत्साह व ऊर्जा के साथ किया गया. कार्यक्रम में छात्रों ने व्यवसायिक प्रस्तुति, शतरंज व चित्रकला प्रतियोगिताओं में बढ़-चढक़र भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया. कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ रचनात्मकता, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास व भविष्य के चार्टर्ड अकाउंटेंट्स में व्यावसायिक समझ विकसित करने के लिए मंच प्रदान करना था।
कार्यक्रम में सीए आनंद अग्रवाल ने छात्रों को अपनी प्रतिभा पहचानने और मंच का पूरा फायदा उठाने के लिए प्रेरित किया. सीआईसीएएसए चेयरमैन सीए मुकुंद केडिया ने छात्रों को उत्साहपूर्वक भाग लेने व अपनी प्रतिभा को मंच पर प्रस्तुत करने के लिए प्रेरित किया. कार्यक्रम में छात्रों को प्रेरित करते हुए सीए योगेश शर्मा, सीआईसीएएसए सदस्य, ने अपने अनुभव साझा किए व छात्रों को आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं मंच कौशल विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया. व्यवसायिक प्रस्तुति प्रतियोगिता के निर्णायक के रूप में टायो के पूर्व अध्यक्ष व प्रबंध निदेशक व टाटा स्टील के पूर्व उपाध्यक्ष ओम नारायण, सीए विकास अग्रवाल, निदेशक, सिटी मल्टीटेक प्राइवेट लिमिटेड व पूर्व अध्यक्ष थे. कार्यक्रम का समन्वयन एवं प्रबंधन सीए योगेश शर्मा द्वारा किया गया. मंच संचालन जागृति, खुशवंती, जिया, गुरप्रीत व स्नेहा ने किया. इस मौके पर सीए मुकुंद केडिया, सीए आनंद अग्रवाल, सीए चेतन अग्रवाल, सीए ऋषि अरोड़ा, सीए कौशलेन्द्र दास आदि मौजूद थे।
प्रतियोगिता के विजेता बने व्यवसायिक प्रस्तुति प्रतियोगिता में प्रथम स्थान वंश नैय्यर, वैश्णवी अग्रवाल व आयुष राज ने, द्वितीय स्थान गुंजन अग्रवाल, भुवन कुमार गुप्ता एवं सोनल अग्रवाल ने जबकि तृतीय स्थान शुभांशु कुमार सिन्हा, भावना मेश्राम, दिशा अग्रवाल ने प्राप्त किया. चित्रकला प्रतियोगिता में शिल्पी कुमारी प्रथम व स्वीटी कुमारी द्वितीय स्थान पर रहीं. शतरंज प्रतियोगिता में राहुल सांघी ने प्रथम, आदित्य शर्मा ने द्वितीय व आयुष कुमार पांडेय ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
