
धरहरा के मानगढ़ टाल क्षेत्र मे मंगलवार की दोपहर आसमान से एक गुब्बारा लगा इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस गिरा। खेत में गिरे संदिग्ध यंत्र को देख खेत में काम कर रहे किसान एवं स्थानीय ग्रामीण अचंभित रह गए। इसके बाद घटना आग की तरह पूरे धरहरा क्षेत्र में फैल गई। गुब्बारा लगा इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस मिलने की सूचना से किसानों में हडकंप मंच गया। किसानों ने इसकी सूचना स्थानीय थाना पुलिस को दी।
धरहरा थाना के पुअनि संजीव कुमार दलबल के साथ टाल पहुंचे तथा संबंधित इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस को धरहरा थाना पुलिस ने जब्त करते हुए इसकी सूचना वरीय पुलिस पदाधिकारी को दी और छानबीन में जुट गई। बताया जाता है कि व्हाइट रंग के गुब्बारे के साथ एक इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस आसमान से गिरा। गुब्बारा जमीन पर आने से पहले ही फूट चुका था। डिवाइस गिरने के बाद भी चालू अवस्था में था और उसमें लाल बत्ती जल रही थी।
डिवाइस पर मेड इन कोरिया लिखा हुआ था। अंदेशा लगाया जा रहा है कि मौसम से संबंधित जानकारी के जुटाने के उद्देश्य से यंत्र को छोड़ा गया है। थानाध्यक्ष धीरेंद्र कुमार पाठक ने बताया कि इसकी सूचना कृषि विभाग को दी गई है। जांचोपरांत आगे की कार्रवाई की जाएगी। मुंगेर कृषि विज्ञान केंद्र के वरीय वैज्ञानिक मुकेश कुमार ने बताया कि उसकी तस्वीर और वीडियो मेरे पास आया है। उसके बारे में विभागीय कर्मी से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि भारतीय मौसम विज्ञान विभाग का यंत्र है। इसका मुख्य काम मौसम का अध्ययन करना है और भविष्यवाणी करना है। वहां से हर दिन एक गुब्बारा को छोड़ता है। यह पटना से छोड़ा जाता है। उसका स्टेशन पटना में भी है। गुब्बारा में सेंसर लगा रहता है। वह सेंसर का काम है, उपर के हवा को मापना, हवा की डायरेक्शन को मापना, हवा के दबाव को बताना। यह डाटा इंडिया मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट के द्वारा उड्डयन विभाग को भेजा जाता है।