August 26, 2026
WhatsApp Image 2026-08-26 at 10.50.42 AM

बिहार की राजधानी पटना में मंगलवार को BPSC TRE-4 अभ्यर्थियों के प्रदर्शन के बीच एक छह साल के बच्चे ने सबका ध्यान खींच लिया. पहली कक्षा में पढ़ने वाला आदित्य कुमार अपने माता-पिता के साथ छात्र आंदोलन में पहुंचा था. प्रदर्शन के दौरान वह बस की छत पर तिरंगा लेकर खड़ा हो गया. उसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. BPSC TRE-4 अभ्यर्थी मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने के लिए गांधी मैदान के पास जुटे थे. पुलिस ने जेपी गोलंबर के पास बैरिकेडिंग कर छात्रों को रोकने की कोशिश की. हालांकि, प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग तोड़कर डाकबंगला चौराहे तक पहुंच गये. यहां पुलिस ने कई छात्रों को हिरासत में लिया. भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पानी की बौछार की गयी और लाठीचार्ज भी किया गया. इस दौरान कुछ छात्रों और पुलिसकर्मियों के घायल होने की बात सामने आयी. प्रदर्शन के दौरान पुलिस कुछ छात्रों को हिरासत में लेकर बस से ले जा रही थी. इसी दौरान कई प्रदर्शनकारी बस के सामने खड़े होकर विरोध करने लगे. कुछ छात्र बस की छत पर चढ़कर तिरंगा लेकर नारेबाजी करने लगे. इसी बीच छह साल का आदित्य भी तिरंगा लेकर बस की छत पर पहुंच गया. उसका अंदाज देखकर वहां मौजूद लोगों का ध्यान उसकी ओर चला गया.
जब आदित्य से पूछा गया कि वह प्रदर्शन में क्यों आया है, तो उसने कहा, “भ्रष्टाचारी सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए आए हैं.” डर लगने के सवाल पर उसने कहा कि वह डरने वाला नहीं है. उसने कहा कि देश के भविष्य का माथा फोड़ा गया है और उसके साथ भी ऐसा हो सकता है. इसी वजह से वह अपने माता-पिता को जिद करके प्रदर्शन में लेकर आया. आदित्य ने पुलिसकर्मियों को लेकर भी तीखी टिप्पणी की. उसने कहा, “जिस दिन सत्ता बदलेगी तो वर्दी का भी ध्यान रखिएगा.” बाद में पुलिस आदित्य और उसकी मां को गाड़ी में बैठाकर वहां से ले गयी. आदित्य पहली बार किसी आंदोलन में नजर नहीं आया है. पेपर लीक और सिवान में AK-47 मामले को लेकर तेजस्वी यादव के लोकभवन मार्च में भी वह शामिल हुआ था. इसके अलावा गर्दनीबाग में भूख हड़ताल पर बैठे छात्रों के बीच भी वह पहुंचा था. वहां उसने कहा था कि वह भी छात्र है और भविष्य में उसके साथ भी ऐसी समस्या हो सकती है. उसने शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के इस्तीफे की मांग भी की थी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *