
गुवाहाटी पटना की स्पाइसजेट की फ्लाइट (एसजी 3445) गुरुवार की दोपहर उड़ान भरने के बाद पक्षी से टकरा गई। इससे विमान का विंड शिल्ड टूट गया। आपात स्थिति में इस विमान को बागडोगरा एयरपोर्ट पर उतारा गया। विमान से 82 यात्री सवार थे। सभी यात्री सकुशल हैं।उधर, बागडोगरा में आपात लैंडिंग की वजह से विमान पटना नहीं पहुंचा और यहां से गुवाहटी जाने वाली फ्लाइट रद्द कर दी गई। इसे लेकर पटना एयरपोर्ट पर यात्रियों ने जमकर हंगामा किया। गुवाहाटी-पटना विमान को दोपहर एक बजे पटना आना था। गुवाहाटी से तय समय पर उड़ान भरने के थोड़ी देर बाद पायलट ने खतरा महसूस किया।
इसके बाद उन्होंने बागडोगरा एटीसी से बात की और फिर वहीं इस विमान की इमरजेंसी लैडिंग करानी पड़ी। पटना एयरपोर्ट के आधिकारिक सूत्रों ने इसकी पुष्टि की है। उधर, पटना एयरपोर्ट पर गुवाहाटी जाने वाले यात्रियों ने चेकइन कर लिया था। वे विमान के इंतजार में बैठे थे।
लगभग दो बजे एयरलाइंस की ओर से बताया गया कि पटना-गुवाहाटी विमान एसजी 3453 को रद्द कर दिया गया है। यह सूचना मिलते ही यात्री नाराज हो गए। उन्होंने आधे घंटे तक हंगामा किया। सीआईएसएफ के जवानों के समझाने के बाद यात्री शांत हुए। इस विमान से 89 यात्री गुवाहाटी जाने वाले थे। इनमें 54 यात्रियों ने टिकट रिफंड कर लिया। एयरलाइंस ने 35 यात्रियों के होटल में रुकने की व्यवस्था की। 35 यात्री प्रयागराज महाकुंभ से लौटे थे।