October 27, 2026
05coal-mine

पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर के पांडवेश्वर स्थित कुमारडीही कोलियरी में सोमवार शाम बड़ा हादसा हो गया। खदान में करीब 200 फीट नीचे 12 मजदूर फंस गए हैं। खदान से बाहर आने के दौरान मजदूरों को ऊपर लाने वाली डोली अचानक बीच में ही रुक गई, जिससे सभी मजदूर अंदर फंस गए। घटना के चार घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी उन्हें निकालने के लिए बचाव अभियान जारी था।

डोली में आई तकनीकी खराबी

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सोमवार को खदान में सामान्य दिनों की तरह कोयला निकालने का काम चल रहा था। मजदूर नीचे उतरकर काम कर रहे थे। शाम को जब वे डोली के जरिए ऊपर लौट रहे थे, तभी खदान के भीतर करीब 200 फीट की गहराई पर डोली में तकनीकी खराबी आ गई और वह रुक गई। इसके कारण 12 मजदूर अंदर ही फंस गए।

बचाव कार्य तेज, मौके पर पहुंचे अधिकारी

घटना की सूचना मिलते ही खदान प्रबंधन ने मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए बचाव कार्य शुरू कर दिया। पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर मौजूद हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय विधायक जितेंद्र तिवारी रात में मौके पर पहुंचे। आसपास के लोग भी खदान के पास जुट गए हैं।

परिजनों में चिंता, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

खदान के अंदर मजदूरों के लंबे समय तक फंसे रहने से उनके परिजनों की चिंता बढ़ गई है। परिवार के सदस्य खदान के बाहर उनके सुरक्षित निकलने का इंतजार कर रहे हैं। इस घटना ने खदान में इस्तेमाल होने वाली मशीनों के रखरखाव और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश जारी है। (एआई से निर्मित प्रतीकात्मक तस्वीर)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *