December 2, 2025
PATNA 3

पटना के राजीव नगर में शराब पार्टी कर रहे दोस्तों के बीच हुए झगड़े में एक मित्र की पत्नी की निर्मम हत्या कर दी गई। महिला समस्तीपुर की रहने वाली थी, जो अपने पति एवं बच्चे के साथ पटना में रह रही थी।
शराबबंदी वाले बिहार की राजधानी पटना में दारू पार्टी कर रहे दोस्तों के बीच झगड़ा इतना बढ़ गया कि एक ने दूसरे की पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात शहर के राजीव नगर रोड नंबर 25 डी इलाके की है। आरोप है कि शराब पार्टी के दौरान महिला के पति के दोस्तों के बीच हुई कहासुनी हुई। इसी में महिला की ईंट से पीटकर कर हत्या की गई। वारदात के सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
वारदात सोमवार देर रात की बताई जा रही है। मृतका की पहचान 25 वर्षीय प्रियंका कुमारी के रूप में हुई है। वह मूलरूप से समस्तीपुर जिले की रहने वाली थी। प्रियंका बीते 7 सालों से अपने पति एवं 7 साल के बच्चे के साथ पटना के राजीव नगर में किराये के मकान में रह रही थी। वारदात के दौरान प्रियंका का पति अपने दोस्तों के साथ था।
बताया जा रहा है कि प्रियंका का पति मेघनाथ साह और उसके दोस्त शराब पार्टी कर रहे थे। इसी बीच उनमें किसी बात को लेकर बहस हो गई। पहले दोस्तों के बीच गाली-गलौज शुरू हुई। फिर विवाद मारपीट में बदल गया। इसी दौरान पति के दोस्तों ने प्रियंका को निशाना बना दिया और उस पर ईंट से हमला कर दिया। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में पुलिस जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *