एक्सएलआरआई दिल्ली-एनसीआर की ओर से डीएलएफ साइबर हब में अपने प्रमुख मार्केटिंग पहल दो दिवसीय मैक्सी फेयर का आयोजन किया गया जिसमें 1.5 लाख से अधिक लोगों ने भाग लिया। मैक्सी फेयर 2026 को एक लाइव मार्केटिंग लैबोरेटरी के रूप में अवधारित किया गया था, जो ‘डिस्गाज्ड मार्केट रिसर्च’ की चार दशक पुरानी परंपरा को आगे बढ़ाता है. इंडी पॉप आर्ट थीम पर आधारित इस आयोजन में मनोरंजन व अकादमिक गहराई का अनूठा संयोजन देखने को मिला, जिससे छात्रों को कक्षा में सीखे गए मार्केटिंग सिद्धांतों को वास्तविक उपभोक्ता परिवेश में लागू करने का अवसर मिला। पारंपरिक सर्वेक्षण पद्धतियों से आगे बढ़ते हुए, इस पहल में इमर्सिव और गेमिफाइड एंगेजमेंट के माध्यम से वास्तविक उपभोक्ता अंतर्दृष्टि प्राप्त की गई।
कार्यक्रम की एक प्रमुख विशेषता यह रही कि छात्रों ने महिन्द्रा ग्रुप, एबी इनबेव व प्रोक्टर एंड गेम्बल जैसी अग्रणी कंपनियों के साथ मिलकर काम किया, जिससे इन ब्रांडों को स्वाभाविक माहौल में उभरती जेन जेड की पसंद, जीवनशैली की आकांक्षाओं और उपभोग व्यवहार के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई. अनुसंधान के साथ-साथ यह मेला एक जीवंत सांस्कृतिक मंच के रूप में भी उभरा. कार्यक्रम में ‘ताल’ नामक इंटर-कॉलेज डांस प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें दिल्ली यूनिवर्सिटी एनसीआर क्षेत्र के अलग-अलग संस्थानों के छात्रों ने भाग लिया. इसके साथ ही आयुषी शर्मा, रॉकनामा व प्रोजेक्ट डीनॉक्स की ओर से लाइव म्यूजकिल प्रस्तुतियां भी दी गईं।
इस मौके पर मैक्सी फेयर के सफल आयोजन पर एक्सएलआरआई दिल्ली-एनसीआर के कार्यवाहक निदेशक फादर नेल्सन ए डीसिल्वा ने कहा कि मैक्सी फेयर अनुभवात्मक शिक्षण व उद्योग सहयोग के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है. जब छात्रों को अग्रणी संगठनों के लिए बड़े पैमाने पर उपभोक्ता अनुसंधान परियोजनाओं की परिकल्पना और क्रियान्वयन का अवसर मिलता है, तो हम अकादमिक सिद्धांत और बाज़ार की वास्तविकताओं के बीच की दूरी को कम करते हैं।
