November 8, 2025
6775f160df7cd-delhi-weather-fog-025227364-16x9

पश्चिम बंगाल में लगातार गिरते तापमान के बीच अब मौसम में बदलाव की आहट है। कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के अधिकांश हिस्सों में ठंड का असर महसूस होने लगा था, लेकिन बंगाल की खाड़ी में एक बार फिर नया निम्न दबाव क्षेत्र बनने से इस ठंड के तेवर फिलहाल कुछ नरम पड़ सकते हैं। मौसम विभाग के अनुसार, पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी में बना यह निम्न दबाव बुधवार तक स्पष्ट रूप ले सकता है और पश्चिम बंगाल के तटीय इलाकों को छूते हुए धीरे-धीरे बांग्लादेश की ओर बढ़ेगा। इसके प्रभाव से समुद्र में उथल-पुथल बढ़ेगी। इसलिए मछुआरों को गहरे समंदर में न जाने की सलाह दी गई है।

निम्न दबाव का सीधा प्रभाव कोलकाता पर नहीं पड़ेगा, लेकिन उत्तर से आने वाली ठंडी हवाओं की रफ्तार धीमी हो जाएगी। मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार से शहर में दोबारा ठंड का असर लौट आएगा। रविवार रात को तापमान घटकर 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच सकता है। फिलहाल कोलकाता में बारिश की कोई संभावना नहीं है।

बुधवार से दक्षिण बंगाल में हवा में नमी बढ़ेगी। गुरुवार और शुक्रवार को ठंड में थोड़ी कमी आ सकती है। तटीय जिलों में हल्की बारिश और गरज के साथ बिजली गिरने की संभावना है। दक्षिण 24 परगना और पूर्वी मेदिनीपुर के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। उत्तर बंगाल का मौसम इस समय सुहावना और शुष्क है। यहां तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार और शनिवार के बीच दार्जिलिंग में रात का तापमान सात से आठ डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *