विश्व कैंसर दिवस पर टाटा स्टील यूटिलिटीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर सर्विसेज की ओर से सफाई कर्मचारियों के लिए कैंसर जागरूकता अभियान के साथ-साथ एक चिकित्सा स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। यह पहल जमशेदपुर के अलग-अलग स्थानों रामदास भट्टा डिपो, साकची थाना, जुबिली पार्क व जुबिली पार्क चौक में आयोजित की गई। चिकित्सा जांच शिविर रामदास भट्टा डिपो में लगाया गया।
इस अभियान का उद्देश्य कैंसर की रोकथाम, समय पर पहचान व उचित चिकित्सीय हस्तक्षेप के प्रति जागरूकता बढ़ाना था, विशेष रूप से उन स्वच्छता कर्मियों के स्वास्थ्य और कल्याण पर ध्यान केन्द्रित करते हुए, जो शहर की स्वच्छता बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस पहल के अंतर्गत 100 से अधिक स्वच्छता कर्मियों की स्वास्थ्य जांच की गई। साथ ही, सार्वजनिक स्थलों पर आयोजित जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से 400 से अधिक नागरिकों को स्वास्थ्य, स्वच्छता और नियमित चिकित्सा जांच के महत्व के प्रति संवेदनशील किया गया।
यह पहल सामुदायिक स्वास्थ्य एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति टाटा स्टील यूआईएसएल की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है तथा यह संदेश देती है कि स्वच्छता जितनी आवश्यक है, उतना जरूरत सफाई कर्मचारियों का स्वास्थ्य भी है।
