February 10, 2026
w-1280,h-720,format-jpg,imgid-external,imgname-image-755722c7-5c69-4b87-8da8-077f6e944b99

सेशेल्स गणराज्य के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी ने आज हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने भारत और सेशल्स के मैत्रीपूर्ण संबंधों के 50 साल पूरे होने पर द्विपक्षीय सहयोग, समुद्री सुरक्षा और क्षेत्रीय विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।

प्रधानमंत्री से मुलाकात से पहले राष्ट्रपति हर्मिनी राजघाट पहुंचे और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि शांति, अहिंसा और सत्य का गांधीजी का संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है।

राष्ट्रपति हर्मिनी ने इससे पहले आज सुबह विदेशमंत्री डॉ. एस. जयशंकर से भी मुलाकात की। बातचीत में समुद्री पड़ोसी देशों के रूप में क्षेत्रीय आर्थिक समृद्धि और सुरक्षा के लिए “विजन महासागर” को आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया। रविवार को उन्होंने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुंबई में मुलाकात की थी। इस दौरान बंदरगाह आधारित विकास, तटीय प्रबंधन और महाराष्ट्र-सेशेल्स सहयोग के अवसरों पर विस्तृत चर्चा हुई।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निमंत्रण पर सेशेल्स गणराज्य के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी पांच दिन तक भारत की राजकीय यात्रा पर हैं। यह उनकी पदभार ग्रहण करने के बाद पहली भारत यात्रा है और दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना की 50वीं वर्षगांठ के अवसर पर हो रही है। इस दौरान वे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से भी मुलाकात करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *