दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मेंडल के डीआरएम तरुण हुरिया ने कहा कि टाटानगर स्टेशन में यात्री ट्रेनों के संचालन को बेहतर बनाने के लिए कई अहम कदम उठाए जा रहे हैं जिनमें सबसे प्रमुख बहुप्रतीक्षित तीसरी रेल लाइन का निर्माण है, जिसे जुलाई महीने तक पूरा करने की उम्मीद है. उन्होंने कहा कि तीसरी लाइन के विस्तारीकरण के पूरा होने से यात्रियों की टे्रेनों के परिचालन की समस्याओं में काफी कमी आएगी।
टाटानगर रेलवे स्टेशन पर जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के साथ हुई बातचीत के बारे में मीडिया से बात करते हुए रेलवे के सीकेपी डिवीजन के डीआरएम तरुण हुरिया ने कहा कि उनसे हुए बातचीत में चर्चा का मुख्य फोकस यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाना व रेलवे ढांचे का विस्तार था. उन्होंने कहा कि विधायक को भरोसा दिलाया है कि यात्रियों की सुविधा हमारी प्राथमिकता है. रेलवे टे्रनों के परिचालन को लेकर यात्री केन्द्रित बनाने की दिशा में लगातार काम कर रहे हैं और इसे और बेहतर करेंगे. उन्होंने कहा कि आदित्यपुर व सलगाजुड़ी के बीच तीसरी तीसरी लाइन विस्तारीकरण का काम अगले तीन महीने मतलब जुलाई तक पूरी हो जाएगी. वर्तमान में इस व्यस्त रूट पर केवल दो लाइनें हैं, जिससे ट्रेनों के संचालन में बाधा और देरी होती है।
उन्होंने कहा कि अभी केवल दो लाइन होने के कारण संचालन में कठिनाई हो रही है. इसके लिए रेलवे सुरक्षा आयुक्त को आवेदन दिया है. स्वीकृति मिलते ही काम शुरू होगा और हमें उम्मीद है कि जुलाई तक तीसरी लाइन चालू हो जाएगी. उन्होंने कहा कि तीसरी लाइन बनने से मालगाडय़िों व यात्री ट्रेनों के लिए अलग-अलग ट्रैक उपलब्ध हो जाएंगे, जिससे यात्री ट्रेनों की गति व परिचालन के समय में सुधार होगा. उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व केन्द्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णण ने भविष्य को ध्यान में रखते हुए समर्पित फ्रेड कॉरिडोर (डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर) की योजना को भी मंजूरी मिल चुकी है, जिससे लंबी अवधि में मालगाडिय़ों का संचालन अलग ट्रैक पर होगा व यात्री ट्रेनों में देरी नहीं होगी।
उन्होंने कहा कि चौथी लाइन के निर्माण की प्रक्रिया भी स्वीकृत हो चुकी है. चांडिल से कांड्रा व कांड्रा से गम्हरिया तक तीसरी व चौथी लाइन के विस्तार को मंजूरी मिल चुकी है और कुछ हिस्सों में टेंडर भी जारी कर दिए गए हैं, जिसका काम पूरा होने से यात्रियों को और अधिक सुविधा मिलेगी. उन्होंने कहा कि पांचवीं व छठी लाइन के सर्वे को भी मंजूरी मिल चुकी है. सर्वे पूरा होते ही आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
