मरांची के तीन भईया टोला में सोमवार की सुबह एक आरोपित को पकड़ने गई पुलिस टीम पर उसके परिजनों ने ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। जिसमें मरांची थाने के दारोगा आदर्श कुमार, पीटीसी शैलेन्द्र कुमार व सिपाही सुजीत कुमार घायल हो गए।सभी घायलों को मरांची प्राथमिक उपचार केन्द्र में भर्ती करवाया गया। जहां डॉक्टरों ने शैलेन्द्र कुमार को मोकामा रेफर कर दिया। इस मामले में पुलिस ने खुद के बयान पर 11 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
थाना प्रभारी अवधेश कुमार ने बताया कि पुलिस टीम मरांची के तीन भईया टोला निवासी कुशो सिंह के पुत्र धनंजय सिंह उर्फ पोलो, सिंह को गिरफ्तार करने गई थी। वह फरवरी में दर्ज एससी-एसटी एक्ट मामले का आरोपित है। आरोपित ने पुलिस को देखकर अपनी छत पर भाग गया। पुलिस उसे पकड़ने के लिए पीछे गई तो वह छत से कूदकर भाग गया। भागने के क्रम में उसका पुत्र चोटिल हो गया।
इसके बाद धनंजय सिंह के करीब एक दर्जन सदस्यों ने पुलिस टीम पर ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। दारोगा आदर्श कुमार और सिपाही सुजीत कुमार के हाथ में चोट लगी है। वहीं, पीटीसी शैलेन्द्र कुमार के सिर फट गया। इस मामले में पुलिस ने खुद के बयान पर 11 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। नामजद आरोपितों में धनंजय कुमार, उसकी पत्नी नीलू देवी, पुत्र अभि कुमार, परिवार के सदस्य रविशंकर कुमार, सुनील कुमार, नयन कुमार, मृत्युंजय कुमार, अजय सिंह, अशोक सिंह, अरुण सिंह, गौरव कुमार शामिल है। पुलिस ने आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी करने में जुटी है
