नवल टाटा हॉकी अकादमी के कैडेट्स ने खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में बेहतर प्रदर्शन किया. एनटीएचए के आठ कैडेट्स ने 26 मार्च से 1 अप्रैल तक छत्तीसगढ़ के रायपुर में आयोजित खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 में झारखंड टीम का प्रतिनिधित्व किया। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में झारखंड की टीम ने रजत पदक प्राप्त किया।
एनटीएचए के आठ खिलाडिय़ों में नवीन केरकेट्टा, दिलबर बारला, दानियाल सोय, सिमोन बोदरा, सेम मुंडा, भीमसेन किस्कू, जुनुल पूर्ति व जयमसीज टुटी ने टूर्नामेंट के दौरान अहम भूमिका निभायी व अकादमी की उच्च प्रदर्शन वाले खिलाडिय़ों को तराशने की प्रतिबद्धता को भी प्रभावशाली ढंग से रेखांकित किया. फाइनल मैच में ओडि़शा के खिलाफ टीम झारखंड ने शानदार संघर्ष किया, लेकिन 4 के मुकाबले 1 के स्कोर के साथ उपविजेता रह. झारखंड के लिए एकमात्र गोल जयमसीह टुटी ने किया।
पूरे टूर्नामेंट में एनटीएचए के खिलाडिय़ों के लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन ने उनकी तकनीकी दक्षता, बेहतरीन टीमवर्क व मजबूत मानसिकता को उजागर किया. उनके अहम योगदान ने झारखंड को फाइनल तक पहुंचाने व राष्ट्रीय मंच पर रजत पदक दिलाने में निर्णायक भूमिका निभायी. एनटीएचए ने सभी कैडेट्स को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए भविष्य में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उनकी निरंतर सफलता की कामना करता है।
