कोटक अल्टरनेट एसेट मैनेजर्स लिमिटेड (कोटक ऑल्ट्स) ने वित्तीय साक्षरता और सामग्री निर्माण (कंटेंट क्रिएशन) में जिम्मेदारी व उत्कृष्टता को सम्मानित करने के लिए अपने पहले ‘कोटक कैटलिस्ट अवार्ड्स’ के विजेता की घोषणा कर दी है। इस राष्ट्रीय पहल के उद्घाटन संस्करण की विजेता हिमानी चौधरी बनी हैं, जिन्हें वित्तीय संचार में उनके बेहतरीन योगदान के लिए २५ लाख रुपये के शानदार नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह पुरस्कार भारत में वित्तीय विषयों पर जानकारी देने वाले रचनाकारों (कंटेंट क्रिएटर्स) के लिए सबसे बड़े और सार्थक सम्मानों में से एक के रूप में स्थापित हो गया है।
कोटक ऑल्ट्स के प्रबंध निदेशक श्रीनी श्रीनिवासन ने इस अवसर पर कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य उन रचनाकारों को पहचानना है जो भारत में वित्तीय साक्षरता को स्पष्टता और विश्वसनीयता के साथ बढ़ावा दे रहे हैं। उन्होंने विजेता की सराहना करते हुए कहा कि हिमानी चौधरी उस उच्च मानक का बेहतरीन उदाहरण हैं जिसे यह पुरस्कार प्रोत्साहित करना चाहता है। इस पहले संस्करण को अभूतपूर्व प्रतिक्रिया मिली, जिसमें १९ राज्यों से और ८ विभिन्न भाषाओं में ६०० से अधिक प्रविष्टियां (एंट्रीज) प्राप्त हुई थीं, जो देश में वित्तीय शिक्षकों की एक नई और जागरूक पीढ़ी के उदय का स्पष्ट संकेत है।
