झारखंड समुदाय पद्मशाली संगम की ओर से प्रत्येक वर्ष की तरह इस बार भी रविवार को एग्रिको क्लब हाउस में ‘श्री भवानारुषि स्वामी पूजा’ का आयोजन किया गया. इस आध्यात्मिक व सांस्कृतिक समागम में झारखंड समेत अलग-अलग राज्यों से आए पद्मशाली समुदाय के लोगों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करायी व अपनी परंपराओं को जीवंत किया। रविवार की सुबह एग्रिको क्लब हाउस में आयोजित कार्यक्रम की शुरूआत सुबह नौ बजे वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्री भवानारुषि स्वामी की विशेष पूजा से हुई। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य समुदाय की सांस्कृतिक जड़ों को बनाए रखना और नई पीढ़ी को अपनी समृद्ध विरासत से अवगत कराना था. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अखिल भारतीय पद्मशाली संगम (एबीपीएस), हैदराबाद के अध्यक्ष कंडागटला स्वामी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद थे।
उन्होंने अपने संबोधन में समाज की एकता व आध्यात्मिक चेतना पर बल दिया. इस मौके पर सम्मानित अतिथियों में अखिल भारतीय पद्मशाली संगम के महासचिव वनपिल्ली वेेंकट राव, रायपुर क्षेत्र पद्मशाली समाज के अध्यक्ष व राष्टीय सचिव (एबीपीएस) गोपाल परसावर शामिल हुए. उन्होंने झारखंड इकाई के प्रयास की सराहना करते हुए समाज के आर्थिक और सामाजिक उत्थान का आह्वान किया. झारखंड राज्य पद्मशाली संगम के अध्यक्ष तिप्पना संभा शिव राव के कुशल नेतृत्व आयोजन किया गया।
उपाध्यक्ष वनपिल्ली शंकर राव व उनकी पूरी समर्पित टीम ने आगंतुकों का स्वागत किया और कार्यक्रम को सफल बनाने में अहम भूमिका निभायी। इस दौरान समाज के प्रतिभाशाली बच्चों को पुरस्कृत किया गया. दोपहर में महाप्रसाद वितरण के साथ समारोह का समापन हुआ. इस आयोजन ने न केवल धार्मिक आस्था को मजबूत किया, बल्कि जमशेदपुर में पद्मशाली समुदाय की एकजुटता की एक नई मिसाल पेश की. इस मौके पर महासचिव सी प्रकाश, उपाध्यक्ष जी सत्य नारायण राव, सचिव जी ईश्वर, संयुक्त सचिव वी राजेश्वर राव, जी वासु समेत बड़ी संख्या में समाज के लोग, महिलाएं व बच्चे मौजूद थे।
