
भोजपुर के उदवंतनगर थाना क्षेत्र के तेतरिया गांव में रविवार की रात शादी समारोह में जयमाल के दौरान हर्ष फायरिंग की गई। इसमें एक बच्चे के सिर में गोली लग गई, जिसमें वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। आरा सदर अस्पताल में इलाज के बाद उसे पटना रेफर कर दिया गया। जख्मी घायल बालक तेतरिया गांव निवासी सिंटू कुमार का आठ वर्षीय पुत्र आशीष कुमार है।
घटना के बाद शादी समारोह में भगदड़ मच गई। लोग इधर-उधर दौड़कर भागने लगे। देखते ही देखते शादी का माहौल सन्नाटे में तब्दील हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और अपने स्तर से पूरे मामले की छानबीन की। बताया जा रहा है कि तेतरिया गांव में राम बच्चन की बेटी की शादी थी।
उसमें बच्चा अपने परिजनों के साथ शादी समारोह में शामिल होने गया था। शादी में जयमाल का कार्यक्रम चल रहा था। सभी लोग स्टेज के पास खड़े थे। तभी किसी व्यक्ति ने हर्ष फायरिंग कर दी। जिससे बच्चे के सिर में गोली लग गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। थानाध्यक्ष राम कल्याण यादव ने बताया कि फायरिंग करने वाले की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।