
यजुआर थाना क्षेत्र के यजुआर मध्य स्थित हाईस्कूल के पास गुरुवार सुबह करीब 11 बजे तेज रफ्तार से जा रही डायल-112 पुलिस की गाड़ी ने दो छात्राओं को रौंद दिया। जिसमें एक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, दूसरी गंभीर रूप से घायल है। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों को घेर लिया। सड़क पर ही धरने पर बैठ गए।
आक्रोशित लोग एएसआइ पर नशे में ड्राइविंग सीखने का आरोप लगाते हुए उसके विरुद्ध हत्या की प्राथमिकी करने की मांग कर रहे थे। घटनास्थल पर पहुंचे एएसपी पूर्वी सहारियार अख्तर ने कार्रवाई का आश्वासन देते हुए आक्रोशित लोगों को शांत कराया। इसके बाद बंधक बने पुलिसकर्मियों को मुक्त कर लोगों ने जाम खत्म किया। करीब छह घंटे तक सड़क पर आवागमन ठप रहा। इस बीच पुलिस ने आरोपित निजी चालक को गिरफ्तार कर लिया।
जहुआर गांव के रूपेश कुमार झा की पुत्री किरण कुमारी (13) और फनगोआ निवासी हैदर अली की पुत्री मजहबी चानो ((14) कोचिंग पढ़कर साइकिल से घर लौट रही थी। यजुआर मध्य हाईस्कूल के निकट दुकान से समोसा खरीद रही थी। इसी दौरान पीछे से आई डायल 112 पुलिस की गाड़ी दोनों को कुचलते हुए दुकान में घुस गई। किरण कुमारी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि गंभीर रूप से घायल मजहबी बानो को आनन-फानन अस्पताल भेजा गया।