आदित्य धर के निर्देशन में बनी जासूसी थ्रिलर फिल्म ‘धुरंधर २: द रिवेंज’ ने रिलीज से पहले ही बॉक्स ऑफिस पर सुनामी ला दी है। फिल्म की वैश्विक एडवांस बुकिंग १२० करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर गई है, जिसमें से भारत में पेड प्रीव्यू और ओपनिंग वीकेंड के लिए ६० करोड़ रुपये से अधिक की टिकटें बुक हो चुकी हैं। विशेष रूप से उत्तरी अमेरिका में फिल्म ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए प्री-सेल्स में ५० लाख डॉलर (लगभग ४१ करोड़ रुपये) का आंकड़ा पार कर लिया है। इस उपलब्धि के साथ इसने ‘पठान’, ‘आरआरआर’ और ‘बाहुबली २’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है, जो उस क्षेत्र में ४० लाख डॉलर तक ही पहुँची थीं।
फिल्म की लोकप्रियता का आलम यह है कि भारत में अब तक १० लाख से अधिक टिकटें बिक चुकी हैं और मुंबई जैसे शहरों में प्रीव्यू शो के एक टिकट की कीमत ३,१०० रुपये तक पहुँच गई है। १९ मार्च को रिलीज होने वाली इस फिल्म में रणवीर सिंह के साथ संजय दत्त, आर. माधवन और अर्जुन रामपाल जैसे दिग्गज कलाकार मुख्य भूमिकाओं में हैं। ट्रेड विशेषज्ञों का अनुमान है कि रिलीज के दिन तक फिल्म की कुल एडवांस बुकिंग १५० से २०० करोड़ रुपये तक पहुँच सकती है। फिल्म का पहला भाग पहले ही १,३०० करोड़ रुपये की कमाई कर चुका है, और अब यह सीक्वल भारतीय सिनेमा के इतिहास में पहले दिन की सबसे बड़ी ओपनिंग देने की राह पर है।
