
शराब बरामदगी और तस्करों की गिरफ्तारी के लिए शाहपुर नगर पंचायत में छापेमारी करने पहुंची एक्साइज पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच विवाद के बाद हाथापाई हो गई। इसी दौरान एक सैप जवान ने अपनी इंसास राइफल से 6 राउंड फायरिंग की। फायरिंग में सड़क पर वार्ड संख्या-3 के निबासी युवक सुशील यादव की छाती में गोली लग गई। घटनास्थल – पर ही उसकी मौत हो गई। कुछ लोगों ने घटनास्थल पर पुलिस प्रशासन को बताया कि आबकारी पुलिस बिना शाहपुर थाना की पुलिस और चौकीदार के ही वार्ड नंबर 3 में छापेमारी करने आई थी।
पांच-छह घरों में घुसकर तलाशी ली। जिसके बाद पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच हाथापाई हो गई। इस पर सैप जवान ने छह गोलियां दाग दी। मृतक सुशील यादव, शाहपुर नगर पंचायत के वार्ड संख्या तीन निवासी जगदीश यादव का – पुत्र था। घटना रविवार की शाम करीब 7:10 बजे की बताई जा रही है। इस घटना के बाद स्थानीय लोग उग्र हो गए। लोगों ने फायरिंग के आरोपी सैप जवान अरविंद कुमार को बंधक बनाकर घर में बंद कर दिया। उसकी इंसास राइफल को छीन लिया। आक्रोशित लोगों ने बक्सर-आरा- पटना फोरलेन नेशनल हाईवे को जाम कर दिया।
अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि आबकारी पुलिस के अनुसार शराब की सूचना पर विभाग छापेमारी करने गया था। पटना से एफएसएल की टीम जांच करने आई है। सैप जवान भी घायल है। इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। उसका इंसास राइफल सुरक्षित है। एफएसएल जांच के बाद राइफल हैंडओवर किया जाएगा। सहायक आयुक्त रजनीश मिश्रा ने बताया कि आरोपी सैप जवान ने पूछताछ में बताया कि विभाग के एएसआई अजय कुमार के कहने पर फायरिंग किया। जांच की जाएगी।