October 15, 2025
gun 1

स्थानीय थाना के बैरक में मंगलवार की सुबह अपनी सर्विस रिवाल्वर से कनपटी में गोली मारकर एएसआई ने खुदकुशी कर ली। उनकी पहचान झारखंड के गुमला जिला स्थित घाघड़ा थाना क्षेत्र के भटौली गांव निवासी सुशील तिर्की के 42 वर्षीय पुत्र सुमन तिर्की के रूप में की गयी है। वे डेढ़ साल से थाना में वाहन 112 पर कार्यरत थे। डीएसपी सुनील कुमार सिंह ने कहा कि प्रथमदृष्टया पारिवारिक विवाद में उठाया गया कदम लग रहा है।
उनके साथियों ने बताया कि उनकी नियुक्ति अनुकंपा के आधार पर सिपाही के पद पर हुई थी। बाद में तरक्की कर वे एएसआई बन गये। इससे पहले बिहारशरीफ में भी कार्यरत रह चुके हैं। वे राजगीर में पत्नी के साथ बंगालीपाड़ा मोहल्ले में किराये के मकान में रहते थे। जिस रात उनकी ड्यूटी होती थी, उस दिन काम से लौटने के बाद बैरक में ही कुछ देर विश्राम कर लेते थे। सोमवार को भी रात में बाइक पेट्रोलिंग के बाद बैरक में ही रुके थे।
घटना के समय नहीं था आस-पास कोई थानाध्यक्ष रमण कुमार ने बताया कि सुबह करीब सात बजे यह घटना हुई। उस समय अधिकतर पुलिसकर्मी मॉर्निंग वॉक या अन्य कामों में व्यस्त थे। आस-पास कोई नहीं था, जो उन्हें ऐसा करने से रोक सके। आवाज सुनकर जब तक वहां कोई पहुंचता, उनकी मौत हो चुकी थी। सर्विस रिवाल्वर से कनपटी में गोली मारी थी। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया गया है। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक तनाव का अंदेशा है। एफएसएल की टीम ने घटनास्थल की जांच की है।महिला पुलिसकर्मियों ने संभाला पत्नी को : घटना की सूचना मिलते ही पत्नी प्रिया देवी थाना कार्यालय पहुंच गयीं। शव देखते ही दहाड़ मारकर रोने लगीं। महिला पुलिसकर्मियों ने उन्हें संभाला। उनकी अभी तक कोई संतान नहीं है। उनका एक भाई भारतीय सेना में कार्यरत हैं। इस घटना से पुलिस महकमा शोक में डूब गया है। हालांकि, परिजन अभी कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *